
नयाभारत कोरबा जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत जिले के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। विशेष रूप से, जिन दिव्यांगजनों के हाथ या पैर कटे हुए हैं, उनके लिए माप लेकर विशेष रूप से तैयार किए गए नकली हाथ और पैर भी प्रदान किए जाएंगे।
जिले के समस्त पात्र दिव्यांगजन अथवा उनके अभिभावक अपने आवश्यक दस्तावेज 19 मई तक अनिवार्य रूप से संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं। सुविधा हेतु आवेदन जमा करने के लिए विभिन्न स्थानों को अधिकृत किया गया है। आप अपने क्षेत्र के वार्ड पार्षद अथवा ग्राम पंचायत सरपंच-सचिव के पास दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कार्यालय नगर पालिक निगम कोरबा एवं इसके समस्त जोन कार्यालयों, संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। प्रशासन द्वारा अपील की जाती है कि जिले के अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेज जमा करें, ताकि समय पर कृत्रिम अंगों का निर्माण और उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
